बेगूसराय से बिहार में क्योरबे की शुरुआत, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया पहले टेक-इनेबल्ड क्लिनिक का उद्घाटन

बेगूसराय से बिहार में क्योरबे की शुरुआत, ग्रामीण मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी।

बेगूसराय, 4 जुलाई 2026।

ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हाइब्रिड हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म क्योरबे ने बिहार में अपने पहले टेक्नोलॉजी-इनेबल्ड क्लिनिक की शुरुआत की है। बेगूसराय जिले के मंझौल में स्थापित इस क्लिनिक का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने किया। इस अवसर पर चेरिया-बरियारपुर के विधायक अभिषेक आनंद भी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार संभावनाओं और अवसरों का राज्य है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है तथा क्योरबे की यह पहल इस दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मॉडल राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

क्योरबे के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रियदर्शी महापात्र ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य देश के हर परिवार तक आधुनिक और भरोसेमंद प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि बिहार में यह पहला क्लिनिक कंपनी की दीर्घकालिक विस्तार योजना की शुरुआत है और आने वाले समय में राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।

कंपनी के अनुसार यह क्लिनिक डॉक्टर परामर्श, ऑन-साइट डायग्नोस्टिक जांच, दवाइयां, टेली-कंसल्टेशन तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा। इससे ग्रामीण मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी।

क्योरबे वर्तमान में देश के सात राज्यों में 220 से अधिक टेक-इनेबल्ड क्लिनिक संचालित कर रही है। कंपनी के नेटवर्क में 1,800 से अधिक स्वास्थ्य मित्र, 450 से अधिक प्रशिक्षित क्लिनिकल स्टाफ, 230 से अधिक डॉक्टर पार्टनर्स तथा 200 से अधिक अस्पताल और लैब जुड़े हुए हैं। पिछले पांच वर्षों में कंपनी 17 लाख से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा चुकी है तथा हर माह 400 से अधिक हेल्थ कैंप आयोजित करती है।

कंपनी ने बताया कि मरीज ‘क्योरबे कवच’ नामक वार्षिक सदस्यता योजना का भी लाभ उठा सकेंगे। 499 रुपये प्रति वर्ष की इस योजना के तहत असीमित डॉक्टर परामर्श, जांच और दवाओं पर छूट, अस्पताल में भर्ती के दौरान सहायता तथा ब्याज मुक्त मेडिकल लोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण परिवारों को किफायती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *