भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, इस्कॉन मंदिर में किया दर्शन-पूजन

बोधगया में रथ की रस्सी खींचकर किया शुभारंभ, स्वच्छता सेवा में भी लिया हिस्सा; कहा- सेवा, समरसता और राष्ट्र निर्माण का संदेश देती है रथयात्रा

बोधगया, 16 जुलाई। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार गुरुवार को बोधगया में आयोजित भगवान श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ शामिल हुए। उन्होंने सबसे पहले इस्कॉन मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन-पूजन किए और बिहार सहित देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इसके बाद डॉ. प्रेम कुमार ने जगन्नाथ मंदिर परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता सेवा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि “सेवा ही सच्ची भक्ति है और स्वच्छता भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है।” उन्होंने मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील भी की।
रथयात्रा के शुभारंभ पर विधानसभा अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्रीजगन्नाथ के रथ की पवित्र रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा वातावरण “जय जगन्नाथ” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, त्याग, एकता और मानव कल्याण का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश देती है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *