ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तोरणद्वार निर्माण की घोषणा

महाप्रभु जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना, मुख्यमंत्री ने रथ की रस्सी खींचकर किया शुभारंभ

रांची, 16 जुलाई। झारखंड की ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव-2026 में गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ शामिल हुए। दोनों ने महाप्रभु जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा परिसर “जय-जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा और हजारों श्रद्धालु इस भव्य आयोजन के साक्षी बने।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जगन्नाथपुर मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर भव्य तोरणद्वार के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाई जाएगी तथा आने वाले वर्षों में रथयात्रा महोत्सव को और भव्य एवं आकर्षक बनाया जाएगा।

इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने समस्त झारखंडवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का प्रतीक है। कार्यक्रम में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *