भारत टेक्स 2026 में छाया बिहार पैवेलियन, तीसरे दिन भी निवेशकों और आगंतुकों की उमड़ी भीड़

बिहार के टेक्सटाइल एवं अपैरल सेक्टर की निवेश संभावनाओं को मिली सराहना, उद्योग विभाग ने 17 जुलाई तक पैवेलियन देखने का किया आग्रह

नई दिल्ली/पटना, 16 जुलाई। भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स 2026 के तीसरे दिन भी बिहार सरकार के उद्योग विभाग द्वारा स्थापित बिहार पैवेलियन आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। उद्योग जगत, नीति-निर्माताओं, निवेशकों, खरीदारों और टेक्सटाइल उद्यमियों ने बड़ी संख्या में पैवेलियन का भ्रमण कर बिहार के वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
तीसरे दिन आंध्र प्रदेश की हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री एस. साविता, आईटीपीओ के अध्यक्ष जावेद अशरफ, महाराष्ट्र रेशम निदेशालय के उप निदेशक डॉ. महेंद्र बी. धावले तथा बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यापारी आयोग के नामित सदस्य रोहित चंद्र ने बिहार पैवेलियन का दौरा किया। इस दौरान उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बिहार की निवेश-अनुकूल नीतियों, कौशल विकास पहलों, जीआई-टैग उत्पादों और औद्योगिक विकास की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बिहार पैवेलियन में राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा, हस्तशिल्प, आधुनिक औद्योगिक दृष्टिकोण तथा टेक्सटाइल एवं अपैरल वैल्यू चेन को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। कई निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने बिहार में निवेश और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं में विशेष रुचि दिखाई।
उद्योग विभाग ने निवेशकों और आगंतुकों से 17 जुलाई 2026 तक हॉल नंबर-11, स्टॉल A4, भारत मंडपम, नई दिल्ली स्थित बिहार पैवेलियन का भ्रमण कर राज्य के टेक्सटाइल एवं अपैरल क्षेत्र की संभावनाओं से परिचित होने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *