वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दाखिल-खारिज, ई-मापी, परिमार्जन प्लस, अभियान बसेरा-2 और आरसीएमएस की प्रगति की समीक्षा, राज्य औसत से बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य
पटना, 16 जुलाई। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी अपर समाहर्ताओं, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं एवं अंचलाधिकारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग की प्रमुख योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ऑनलाइन दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी, अभियान बसेरा-2, राजस्व महाअभियान, जन शिकायत एवं सहयोग शिविर तथा आरसीएमएस के तहत लंबित मामलों की समीक्षा की गई। लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व मंत्री ने कहा कि सभी जिलों का लक्ष्य राज्य के औसत से बेहतर प्रदर्शन करना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने सेवा संपुष्टि के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर दस्तावेजों की कमी का हवाला देकर मामला खारिज करने के बजाय स्वयं स्थल निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि विभाग की सभी सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
