वित्तीय अनियमितता के आरोप में सहायक शिक्षक निलंबित, एक करोड़ से अधिक की निकासी का आरोप

पटना। वित्तीय अनियमितता के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक शिक्षक जगन्नाथ महतो को निलंबित कर दिया है। विभाग की ओर से अब उनके खिलाफ आरोप पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जगन्नाथ महतो वर्तमान में समस्तीपुर के रायपुर स्थित विदेही परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वित्तीय अनियमितता के आरोप जिस अवधि से जुड़े हैं, उस समय वे वैशाली जिले के पातेपुर स्थित अम्शों कुंवर उच्च माध्यमिक विद्यालय, भरथीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक थे।
विभागीय कार्रवाई के अनुसार, महतो पर विद्यालय के विभिन्न खातों से एक करोड़ रुपये से अधिक की नकद निकासी का आरोप है। इसके अलावा छात्र कोष और विकास कोष के खातों की कैशबुक का वित्तीय नियमों के अनुरूप रखरखाव नहीं करने, लेन-देन का सही विवरण दर्ज नहीं करने और विपत्रों के उचित संधारण में लापरवाही के आरोप भी लगाए गए हैं।
आरोपों में विक्रेताओं के जीएसटी नंबर और आयकर कटौती से संबंधित अनियमितता तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना विद्यालय सामग्री की खरीद किए जाने की बात भी शामिल है।
मामले में शिक्षा विभाग ने पहले जगन्नाथ महतो से स्पष्टीकरण मांगा था। उनके पक्ष को सुनने के बाद विभाग ने आरोपों को गंभीर वित्तीय प्रकृति का मानते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली के तहत निलंबन की कार्रवाई की।
मामले की विस्तृत जांच के लिए तिरहुत प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक को जांच पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), वैशाली को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी नामित किया गया है।
अब जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *