सम्पतचक में नए राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन, मंत्री बोले– अब उच्च शिक्षा के लिए शहर जाने की जरूरत नहीं

पटना के सम्पतचक में खुला नया सरकारी डिग्री कॉलेज | बिहार में 211 नए कॉलेजों का उद्घाटन
पटना।पटना के सम्पतचक क्षेत्र के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने यहां नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। राज्य सरकार ने एक साथ 211 नए सरकारी डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की है।
सम्पतचक के चैनपुर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह में मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नए कॉलेजों से ग्रामीण युवाओं, खासकर छात्राओं को अपने घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि आधुनिक पाठ्यक्रम, डिजिटल क्लासरूम और कुशल शिक्षकों की व्यवस्था के साथ ये कॉलेज छात्रों को प्रतिस्पर्धी दौर के लिए तैयार करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से बिहार में शैक्षणिक क्रांति आएगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उपेंद्र प्रसाद सिंह, प्रदेश महामंत्री सरोज नंदन पटेल, कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रिमझिम थील, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम मंजूर आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुज्ञा कुमारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *