
रतनपुर के मनोज यादव, बलदाऊ सिंह श्याम एवं सुशील कुमार पटेल को मिला राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान
रायपुर, 18 जुलाई।
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा आयोजित “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह–2026” का भव्य आयोजन रायपुर के शांति नगर स्थित विमतारा सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 250 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।
बिलासपुर जिले से कुल 20 शिक्षकों का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया। इनमें रतनपुर के मनोज यादव, बलदाऊ सिंह श्याम एवं सुशील कुमार पटेल सहित कई शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं हरिभूमि समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षकों के सम्मान और उनकी गरिमा बनाए रखने के लिए गंभीरता से प्रयास करने चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री हरिवंश मिश्र के शिक्षा, अनुशासन और समाज सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस राष्ट्रीय सम्मान की शुरुआत की गई है।
विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करता है। ऐसे सम्मान शिक्षकों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में देशभर से आए शिक्षकों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामय उपस्थिति रही। राष्ट्रीय महासचिव मोहन लहरी ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जितेन्द्र मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं सम्मानित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत ने कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान का राष्ट्रीय अभिनंदन है। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
