झारखंड में गौतस्करी का खुलासा, पकड़े गए 500 से अधिक पशु
================================
झारखंड के गढ़वा जिला मुख्यालय में गुरुवार अलसुबह तस्करी के लिए ले जाए जा रहे करीब 500 से अधिक गोवंशीय पशु बरामद किए गये हैं। यह कार्रवाई विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मिली सूचना पर गढ़वा पुलिस ने की है। फिलहाल, बरामद किए गए सभी गोवंशीय पशुओं को गढ़वा थाना परिसर में लाया गया है।
इन गोवंशीय पशुओं को तस्करों से मुक्त कराकर गढ़वा थाना परिसर में ले जाए जाने के दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से उलझने पर आमदा एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों में से एक युवक भी पकड़ाया है। उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को पहले से ही सूचना मिल रही थी कि पशु तस्कर अब बड़े कंटेनर गाड़ियों में गोवंशीय पशुओं को उत्तर प्रदेश से लेकर गढ़वा आते हैं। यहां कंटेनर से उतार कर कच्चे रास्ते से उन्हें जिले के बाहर भेज दिया जाता है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह ने बताया कि आज भी कंटेनर में भरकर पशुओं को लाए जाने की सूचना विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली थी। उसकी सूचना पुलिस को दी गई। उसके बाद गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर से सटे नवादा गांव में रेलवे लाइन के किनारे कच्ची रास्ते से ले जाए जा रहे गोवंशीय पशुओं को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि गोवंशीय पशुओं को नवादा गांव से गढ़वा थाना लाए जाने के दौरान सदर अस्पताल के समीप एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से उलझने का प्रयास किया। तब तक वहां पुलिस भी पहुंच गई। मोटरसाइकिल सवार दो युवक भाग गए। वहीं एक युवक पुलिस हिरासत में आ गया है। इधर, उक्त संबंध में पुलिस अधिकारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फिलवक्त कुछ भी बताने से इंकार किया।
