उपायुक्त ने शहरी क्षेत्र का किया निरीक्षण, त्योहारों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
====================

गुमला : आज उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बाजार समिति, रागी प्रोसेसिंग सेंटर, पर्यटन भवन के पीछे स्थित जमीन/पार्क तथा पुग्गू स्थित सरकारी भूमि का अवलोकन किया।
उपायुक्त ने नगर परिषद कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। उन्होंने रागी प्रोसेसिंग सेंटर में तैयार हो रहे रागी आधारित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की और स्वयं उसका स्वाद लेकर उत्पादन मानकों की समीक्षा की। वहीं, पुग्गू स्थित सरकारी जमीन पर प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण के विषय में विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सभी तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की जांच के बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बाजार समिति परिसर में सोलर लाइट को शीघ्र ठीक कराने और वहां दुकानों की संख्या बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने नगर परिषद को विशेष निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर के सभी क्षेत्रों में साफ-सफाई, प्राथमिक सुविधाओं, लाइटिंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक मरम्मती कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किए जाएं ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए, जिसके लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी गुमला, नगर परिषद कार्यपालक अभियंता, तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
