श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में दुर्गा स्वरोत्सव 2025 का शुभारंभ
===============================
पटना।
राजधानी पटना स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में शुक्रवार से तीन दिवसीय दुर्गा स्वरोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस सांगीतिक उत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, सांसद रविशंकर प्रसाद और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य केवल कला का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा की आत्मा हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि पटना जैसे ऐतिहासिक शहर में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कला और संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करता है
इस मौके पर प्रख्यात शास्त्रीय गायक पद्मश्री पंडित उल्लास काशलकर ने राग यमन और गौर मल्हार पर शानदार प्रस्तुति दी, जबकि पद्मभूषण पंडित विश्वमोहन भट्ट ने भी अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्पिक मैके के संयोजक मनीष सिंह ठाकुर ने कहा कि अगले दो दिनों तक शास्त्रीय संगीत और नृत्य की अनूठी प्रस्तुतियों की श्रृंखला जारी रहेगी। कार्यक्रम के दूसरे दिन पंडित रितेश मिश्रा, पंडित रजनीश मिश्रा, पंडित रोनू मजूमदार, मैसूर मंजूनाथ अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि तीसरे और समापन दिवस पर विदुषी सूर्या गायत्री और विदुषी तनुश्री शंकर अपनी प्रस्तुति से समापन समारोह को विशेष बनाएंगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता, कलाकार, सांस्कृतिक प्रेमी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए और सभी ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की
