पटना, 13 जुलाई। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) एवं स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से 42वीं सब जूनियर एवं 52वीं जूनियर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप-2026 के लिए बिहार की राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता का आयोजन 25 एवं 26 जुलाई 2026 को राजगीर खेल अकादमी के विश्वस्तरीय स्विमिंग पूल में किया जाएगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार यह चयन ट्रायल ओपन श्रेणी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य के सभी पात्र एवं इच्छुक तैराक भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए दोनों दिनों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था खेल प्राधिकरण की ओर से की जाएगी। इच्छुक खिलाड़ी गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026, शाम 6:00 बजे निर्धारित की गई है। आवेदन के दौरान प्रतिभागियों को अपना नाम, जिला, जन्मतिथि एवं अन्य आवश्यक विवरण सही-सही भरना होगा।
श्री शंकरण ने कहा कि चयनित खिलाड़ियों के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करेगा, जिससे वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी कर सकें। चयन पूरी तरह खिलाड़ियों के प्रदर्शन, योग्यता तथा स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने राज्य के सभी पात्र तैराकों से चयन प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को आयु प्रमाण-पत्र, पहचान-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता की विस्तृत समय-सारिणी एवं रिपोर्टिंग संबंधी दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।
यह चयन प्रतियोगिता बिहार के प्रतिभाशाली तैराकों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
