रतनपुर के तालाबों की दुर्दशा: गंदगी और अवैध कब्जे का बोलबाला
*============================*
28 अक्टूबर 2025 रतनपुर
रतनपुर की नगर पालिका के तालाबों की स्थिति बहुत खराब है। गांधीनगर में स्थित कृष्णार्जुनी तालाब, जो 1000 वर्षों से अधिक पुराना है, की हालत बदतर है। तालाब के चारों तरफ अवैध कब्जे और घरों का गंदा पानी तालाब में जा रहा है, जिससे पानी बेहद गंदा हो गया है। स्थानीय लोगों को नहाने और पीने के पानी के लिए परेशानी हो रही है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान नहीं है।
तालाब के आसपास के वार्डों में गंदगी की भरमार है और लोग अपने घरों का कचरा और नालियों का पानी तालाब में छोड़ रहे हैं। इससे तालाब का पानी इतना गंदा हो गया है कि इसमें हाथ डालने से भी डर लगता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपनी समस्या के समाधान के लिए कई बार नगर पालिका और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
*क्या भूल गए स्वच्छता अभियान?*
यह वही तालाब है जिसमें दो महापूर्व केंद्रीय शहरी आवास सन राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्वच्छता अभियान चलाया था। केंद्र एवं राज्य सरकार स्वच्छता मिशन के लिए करोड़ों रुपए प्रति वर्ष खर्च कर रही है, लेकिन इसका असर नगर पालिका परिषद रतनपुर में कहीं भी देखने को नहीं मिल रहा है। 15 के 15 वार्डों में आप अगर जाएंगे तो सिर्फ और सिर्फ गंदगी ही हर वार्ड में नजर आएगी।रतनपुर तालाबों की नगरी कहा जाता है और मां महामाया की पावन धरा है, जहां पर प्रदेश एवं देश के कोने-कोने से लोग मां महामाया के दर्शन करने भी पहुंचते हैं। लोगों का कहना है कि इस गंदगी की वजह से रतनपुर की छवि प्रदेश और देश के अंदर कहीं ना कहीं खराब हो रही है। जनप्रतिनिधियों से मांग की जा रही है कि नगरपालिका परिषद स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।
अब देखना यह है कि नगर पालिका और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि इस समस्या का समाधान करने के लिए क्या कदम उठाते हैं। क्या वे स्थानीय लोगों की समस्या को समझेंगे और तालाब की सफाई और रखरखाव के लिए कोई ठोस कदम उठाएंगे? या फिर यह समस्या ऐसे ही बनी रहेगी?
