राजगीर में रग्बी का रोमांच, नेशनल चैंपियनशिप के ग्रुप स्टेज में बिहार- बंगाल-केरल का दबदबा

विमेंस रग्बी में 1000 से ज्यादा पॉइंट्स बने, बिहार की आरती कुमारी 35 पॉइंट्स के साथ टॉप स्कोर

राजगीर, 16 अप्रैल, 2026: राजगीर खेल अकादमी में आयोजित 13वीं सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप 2026 का रोमांच चरम पर है। बुधवार को विमेंस ग्रुप स्टेज के मुकाबले संपन्न हुए, जिसमें एक्शन और हाई-स्कोरिंग मैचों की भरमार रही। सभी मैचों में कुल 1000 से ज़्यादा पॉइंट्स बने।

ग्रुप स्टेज खत्म होने पर मेजबान और डिफेंडिंग चैंपियन बिहार, पश्चिम बंगाल और केरल की टीमें सबसे आगे रहीं। बिहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को 59-0 और उत्तर प्रदेश को 60-0 से हराया।

पश्चिम बंगाल ग्रुप स्टेज में सबसे ज़्यादा स्कोर करने वाली टीम बनी। उसने दो मैचों में 129 पॉइंट्स बनाए, जिसमें मणिपुर पर 66-0 और आंध्र प्रदेश के खिलाफ 63-0 की एकतरफा जीत शामिल है।

केरल ने भी दमदार अटैकिंग गेम दिखाया। वह 98 पॉइंट्स के साथ तीसरी सबसे ज़्यादा स्कोर करने वाली टीम रही। केरल ने DNHDD को 69-0 और झारखंड को 29-0 से हराया।

टॉप परफॉर्मर टीमें:

ओडिशा 93 पॉइंट्स, महाराष्ट्र 85 पॉइंट्स और दिल्ली 85 पॉइंट्स के साथ टॉप परफॉर्म करने वाली अन्य टीमें रहीं। 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमों ने हिस्सा लिया और कई मैचों में स्कोर 50 का आंकड़ा पार कर गया, जो भारत में महिला रग्बी की बढ़ती प्रतिस्पर्धा को दिखाता है।

इंडिविजुअल टॉप स्कोरर:

इंडिविजुअल प्रदर्शन में बिहार की आरती कुमारी 35 पॉइंट्स के साथ स्कोरिंग चार्ट में सबसे आगे रहीं। पश्चिम बंगाल की संध्या राय 33 पॉइंट्स के साथ दूसरे और केरल की अथिरा के पी 29 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर रहीं।

गणमान्य रहे मौजूद:

ग्रुप स्टेज के समापन पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री व बिहार रग्बी के चेयरमैन श्री श्रवण कुमार, रग्बी इंडिया की बोर्ड मेंबर सुश्री एंड्रिया क्रिज़ल और रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव श्री पंकज कुमार ज्योति मौजूद रहे।

अब नॉकआउट की जंग:

ग्रुप स्टेज पूरा होने के साथ अब टीमें नॉकआउट राउंड और रैंकिंग मैचों में आगे बढ़ेंगी। नेशनल टाइटल की रेस अब और तेज होगी। प्री-क्वार्टर फाइनल के मुकाबले देर रात 10:30 बजे तक चलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *