25 मार्च को चार जिलों में चलेगा अभियान, 30 मार्च को मॉप-अप डे आयोजित
पटना, 25 मार्च 2026: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनका समग्र शारीरिक एवं बौद्धिक विकास सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में 25 मार्च 2026 को राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस के तहत राज्य के चयनित चार जिलों – अररिया, अरवल, किशनगंज एवं मधेपुरा में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जो बच्चे किसी कारणवश इस दिन दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 30 मार्च 2026 को आयोजित मॉप-अप डे के दौरान दवा खिलाई जाएगी। कृमि संक्रमण दूषित मिट्टी और अस्वच्छता के कारण फैलता है, जिससे बच्चों के पोषण स्तर और हीमोग्लोबिन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
माननीय मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए बहु-विभागीय समन्वय के साथ व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, पंचायती राज, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित अन्य विभागों का सहयोग लिया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, मदरसों, संस्कृत विद्यालयों तथा तकनीकी संस्थानों (पॉलिटेक्निक, आईटीआई आदि) में बच्चों को दवा दी जाएगी। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण, दवा की उपलब्धता, रिपोर्टिंग प्रणाली और जागरूकता गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि कोई भी बच्चा इस सुविधा से वंचित न रहे।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर बच्चा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त बने, जिससे बिहार एक स्वस्थ समाज की दिशा में आगे बढ़ सके।
