शाहपुर में अवैध हथियारों के साथ 7 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार व कारतूस बरामद

पटना। शाहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर कृषि फॉर्म के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके ठिकानों से 5 देशी कट्टा, 2 देशी पिस्टल, 1 देशी रिवॉल्वर, 35 जिंदा कारतूस, 7 खोखा, 6 मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि मुबारकपुर कृषि फॉर्म के पास एक स्कॉर्पियो वाहन में कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं और हथियार का भय दिखाकर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक दानापुर-01 के नेतृत्व में शाहपुर थाना पुलिस ने छापेमारी दल का गठन किया।
पुलिस टीम ने मुबारकपुर कृषि फॉर्म के पास पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान पुलिस को प्रदुमन कुमार के संबंध में जानकारी मिली। उसके घर पर छापेमारी के दौरान प्रदुमन कुमार पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिस बल ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके घर के पीछे से एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने प्रदुमन कुमार से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदुमन कुमार, मैनेजर राय, सन्नी कुमार, समीर खान, साहिल कुमार, रोहित कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मैनेजर राय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शाहपुर थाना में वर्ष 2014 में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस मामले में शाहपुर थाना कांड संख्या 339/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
छापेमारी दल में शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार, अनुज कुमार, पप्पु कुमार, सहायक अवर निरीक्षक शंभु कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *