गया में कृषि जनकल्याण संवाद: 2 हजार से अधिक किसानों से सीधा संवाद, प्राकृतिक खेती पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा का जोर

गया में कृषि जनकल्याण संवाद: 2 हजार से अधिक किसानों से सीधा संवाद, प्राकृतिक खेती पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा का जोर

गया जी, 22 अगस्त 2026। किसानों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सीधे सुनने के लिए गया जी में ‘कृषि जनकल्याण संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 2 हजार से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में किसान समृद्धि, महिला उद्यमिता, युवा रोजगार और श्रमिकों के उत्थान सहित कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव कृषि मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाने की अपील
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों की समृद्धि के साथ मिट्टी, जल और पर्यावरण का संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्राकृतिक खेती के फायदों पर जोर देते हुए किसानों से अपनी कुल कृषि भूमि के कम से कम एक-तिहाई हिस्से में प्राकृतिक खेती अपनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से मिट्टी की उर्वरता और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ खेती की लागत कम करने में भी मदद मिल सकती है। रासायनिक उर्वरकों और अन्य रसायनों के असंतुलित उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों को लेकर भी किसानों को जागरूक किया गया।
आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी कृषि की उत्पादकता
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में बिहार विधानसभा के सभापति डॉ. प्रेम कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने कृषि में आधुनिक और उन्नत तकनीकों के व्यापक इस्तेमाल पर जोर दिया। सूक्ष्म सिंचाई, ड्रोन और अन्य नवीन तकनीकों के प्रभावी उपयोग से उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की बात कही गई।
किसानों को योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को योजनाओं की पात्रता, उद्देश्य और मिलने वाले लाभ के बारे में बताया गया। किसानों से योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सुझाव भी लिए गए।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका सीधा और प्रभावी लाभ किसानों तक पहुंचाना है। किसान की समस्या का समाधान और उसकी आय एवं समृद्धि में वृद्धि कृषि विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान अतरी विधायक रोमित कुमार, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, गया के जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *