सरकार को अल्टीमेटम—31 अगस्त तक समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज, 1700 KYP केंद्रों में प्रशिक्षण शुरू करने की मांग
पटना, 30 अगस्त 2026। बिहार के सभी 1700 कुशल युवा कार्यक्रम यानी KYP केंद्रों में प्रशिक्षण तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर कुशल युवा स्टेकहोल्डर टीम, बिहार के नेतृत्व में केंद्र संचालकों, कोऑर्डिनेटरों, LF और अन्य स्टेकहोल्डरों का पटना में चल रहा महाधरना रविवार को छठे दिन भी जारी रहेगा।
आंदोलनकारियों ने सरकार को 31 अगस्त 2026 तक समाधान का अल्टीमेटम दिया है। मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में 1 सितंबर से सामूहिक भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा
KYP स्टेकहोल्डर टीम का कहना है कि यह आंदोलन केवल केंद्र संचालकों की समस्या नहीं, बल्कि बिहार के लाखों गरीब, दलित, पिछड़े और अति पिछड़े परिवारों के युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है। KYP के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर एवं रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाता रहा है।
प्रशिक्षण में MS Office, Word, Excel, PowerPoint, हिंदी एवं अंग्रेजी कम्युनिकेशन, इंटरव्यू तैयारी, सॉफ्ट स्किल, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, टाइम मैनेजमेंट, GST और Tally जैसे विषय शामिल हैं।
स्टेकहोल्डरों का कहना है कि प्रशिक्षण व्यवस्था बाधित होने के कारण बड़ी संख्या में युवा तकनीकी एवं कौशल शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। वहीं केंद्र संचालकों को लगातार युवाओं के सवालों और आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री से विभाग की उपलब्धियों की समीक्षा की मांग
स्टेकहोल्डर टीम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जनवरी 2026 से अगस्त 2026 तक युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग द्वारा दिए गए कौशल प्रशिक्षण की समीक्षा करने की मांग की है। टीम ने सरकार से KYP के भविष्य को लेकर स्पष्ट नीति सार्वजनिक करने की भी मांग की।
1 सितंबर से भूख हड़ताल
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 अगस्त तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 1 सितंबर 2026 से सामूहिक भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से आंदोलन स्थल पर आवश्यक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
सभी दलों और सामाजिक संगठनों से समर्थन की अपील
KYP स्टेकहोल्डर टीम ने राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और प्रबुद्ध नागरिकों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं को कौशल एवं तकनीकी शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है।
KYP केंद्र संचालकों का महाधरना छठे दिन भी जारी, 1 सितंबर से सामूहिक भूख हड़ताल का ऐलान
