


पटना। कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) से जुड़े राज्यभर के केंद्र संचालकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बिहार सरकार को अंतिम अल्टीमेटम दिया है। KYP स्टेकहोल्डर्स ने विभाग को पत्र भेजकर मांगों पर जल्द सकारात्मक और लिखित निर्णय लेने की अपील की है। मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है।
KYP केंद्र संचालकों के अनुसार, अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा है। समाधान नहीं होने पर 25 से 27 अगस्त 2026 तक प्रथम चरण का महाधरना आयोजित किया गया। इसके बाद 28 से 31 अगस्त 2026 तक दूसरे चरण का महाधरना आयोजित करने की घोषणा की गई है।
स्टेकहोल्डर्स ने पत्र के माध्यम से कहा है कि दूसरे चरण के महाधरने की समाप्ति के बाद भी यदि विभाग की ओर से मांगों पर स्पष्ट, लिखित एवं संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो 1 सितंबर 2026 से राज्य के 101 KYP केंद्र संचालक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
केंद्र संचालकों की प्रमुख मांगों में पुराने KYP केंद्रों का नवीनीकरण, नामांकन एवं प्रशिक्षण की नियमित बहाली, लंबित भुगतानों का निष्पादन तथा KYP केंद्रों से संबंधित अन्य लंबित समस्याओं का समाधान शामिल है।
KYP स्टेकहोल्डर्स ने कहा कि उनका उद्देश्य सरकार के साथ टकराव नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से न्यायोचित समाधान प्राप्त करना है। उन्होंने विभाग से अपील की है कि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू होने से पहले KYP केंद्र संचालकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ तत्काल वार्ता कर मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
स्टेकहोल्डर्स ने विभाग को भेजे पत्र को अंतिम पूर्व सूचना एवं अल्टीमेटम बताया है।
KYP केंद्र संचालकों ने बढ़ाया आंदोलन का दबाव, 1 सितंबर से भूख हड़ताल की चेतावनी
