डॉक्टरों ने दूर की भ्रांतियां, समय पर जांच और उचित उपचार के महत्व पर दिया जोर
पटना। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बीमारी की समय पर पहचान के उद्देश्य से पटना स्थित मेदांता हॉस्पिटल में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में इनर व्हील क्लब की विभिन्न शाखाओं की सदस्य शामिल हुईं। इसके अलावा अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों को भी ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों, शुरुआती पहचान और जांच के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मेदांता हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. रवि शंकर सिंह, प्रसिद्ध गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. शांति राय, डॉ. अनीता सिंह सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। इस दौरान विशेषज्ञों ने ब्रेस्ट कैंसर से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों को दूर करते हुए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
डॉक्टरों ने महिलाओं को स्तनों की स्वयं जांच (सेल्फ टेस्ट) करने के तरीके के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्तन में किसी प्रकार की गांठ, आकार में बदलाव, त्वचा में असामान्यता या निप्पल में बदलाव दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में बिना देर किए चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।
चिकित्सकों ने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर जांच बीमारी की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शुरुआती अवस्था में बीमारी का पता चलने पर उचित उपचार से बेहतर परिणाम मिलने की संभावना बढ़ जाती है। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी असामान्य लक्षण के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी दी गई।
इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं के बीच ब्रेस्ट कैंसर को लेकर व्याप्त डर और भ्रांतियों को दूर करना तथा उन्हें समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जागरूकता, सतर्कता और सही समय पर चिकित्सकीय सलाह महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

मेदांता हॉस्पिटल में ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान, महिलाओं को दी गई सेल्फ टेस्ट की जानकारी
