पटना, 1 सितंबर। बिहार सरकार के कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) से जुड़े केंद्र संचालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार से गर्दनीबाग धरना स्थल, पटना में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है। केंद्र संचालकों का कहना है कि लगातार धरना, प्रदर्शन और ज्ञापन देने के बावजूद उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस एवं लिखित निर्णय नहीं लिया गया है।
KYP केंद्र संचालकों के अनुसार केंद्रों में नए नामांकन शुरू करने, केंद्रों के नवीनीकरण, प्रशिक्षण संचालन और भुगतान से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने सहित कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन्हीं मांगों को लेकर 20 अगस्त को विरोध-प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद 25 अगस्त से गर्दनीबाग में धरना जारी है।
आंदोलन के समर्थन में मंगलवार को राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे KYP केंद्र संचालकों ने बिहार कौशल विकास मिशन कार्यालय, नियोजन भवन, पटना से गर्दनीबाग धरना स्थल तक विशाल समर्थन रैली निकालने का कार्यक्रम रखा है। आंदोलनकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से सकारात्मक एवं लिखित निर्णय मिलने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
शिक्षक दिवस पर मौन जुलूस
KYP केंद्र संचालकों ने 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर भी आंदोलन का ऐलान किया है। पूर्वाह्न 11:30 बजे गर्दनीबाग धरना स्थल से मुख्यमंत्री सचिवालय एवं आवास तक शांतिपूर्ण मौन जुलूस प्रस्तावित है। संचालकों का कहना है कि मौन जुलूस के माध्यम से वे अपनी मांगों और समस्याओं को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के सामने रखेंगे।
आंदोलनकारियों ने प्रशासन से भूख हड़ताल और प्रस्तावित कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पेयजल, स्वच्छता, एम्बुलेंस तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाओं की व्यवस्था करने की मांग की है। KYP केंद्र संचालकों ने सरकार से राज्यभर के हजारों केंद्र संचालकों और उनसे जुड़े परिवारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
