केवाईपी बचाओ महाआंदोलन के आठवें दिन उग्र हुआ आंदोलन, सामूहिक भूख हड़ताल शुरू

नियोजन भवन से भाजपा और जदयू कार्यालय तक प्रदर्शन, सांसद पप्पू यादव ने दिया समर्थन
पटना, 1 सितंबर। कुशल युवा कार्यक्रम (केवाईपी) केंद्रों के रिन्यूवल, नामांकन एवं प्रशिक्षण तत्काल शुरू कराने तथा लंबित भुगतान की मांग को लेकर चल रहा केवाईपी बचाओ महाआंदोलन मंगलवार को आठवें दिन और तेज हो गया। राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में केंद्र संचालक पटना पहुंचे और नियोजन भवन के बाद भाजपा एवं जदयू कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में कई जिलों से केवाईपी में नामांकित छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। केंद्र संचालकों ने सरकार और विभाग से पुराने केवाईपी केंद्रों का तत्काल रिन्यूवल करने, नामांकन एवं प्रशिक्षण शुरू कराने तथा महीनों से लंबित भुगतान का निपटारा करने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने बताया कि जदयू कार्यालय में मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया, जहां से सकारात्मक जवाब मिलने की बात कही गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर लौटे।
विभाग अथवा सरकार की ओर से मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के बाद केंद्र संचालकों ने पूर्व घोषणा के अनुसार सामूहिक भूख हड़ताल शुरू कर दी। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
इसी बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव गर्दनीबाग धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत केवाईपी केंद्र संचालकों को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र संचालकों की मांगों का समर्थन करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
केंद्र संचालकों का कहना है कि पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें सरकार के समक्ष रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई है। उनका विरोध पुराने केवाईपी केंद्रों को बंद रखकर नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू किए जाने को लेकर भी है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि सांसद पप्पू यादव के समर्थन और बढ़ते जनदबाव के बाद उन्हें सरकार से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक सामूहिक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *