“विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर पटना के पुनपुन में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रथम पिंडदान के लिए पुनपुन नदी तट पर पहुंचने वाले देश-विदेश के तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पटना जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे पुलिस बल, मेडिकल टीम और सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था की गई है।”
“पुनपुन नदी के स्नान घाटों पर खतरे से बचाव के लिए बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान कर सकें। बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों के ठहरने के लिए राय सूरजमल झुंझुनवाला धर्मशाला और एसएमडी कॉलेज में प्रबंध किया गया है, वहीं पार्किंग और सुगम आवागमन के लिए ई-रिक्शा की सुविधा भी दी गई है। बुजुर्गों और असहाय श्रद्धालुओं के लिए व्हीलचेयर और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 24 घंटे निर्बाध बिजली, पेयजल, सफाई और आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (QRT) और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मेले में आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुखद वातावरण मिलना सुनिश्चित किया जाए।”
