एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम के स्वर्ण पदक पर BCA ने दी बधाई, वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धि पर जताया गर्व

एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम के स्वर्ण पदक पर BCA ने दी बधाई, वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धि पर जताया गर्व
पटना, 3 अक्टूबर। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के स्वर्ण पदक जीतने पर पूरी टीम को बधाई दी है। BCA ने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय दल का हिस्सा बनने पर विशेष रूप से खुशी जताई।
फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर पुरुष क्रिकेट का खिताब बरकरार रखा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए, जबकि पाकिस्तान की टीम 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने 9 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाए।
BCA अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा बनना पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में वैभव ने प्रतिभा, आत्मविश्वास और निडर खेल का प्रदर्शन किया है और उनका सफर बिहार के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक है।
BCA सचिव जियाउल आर्फ़ीन ने भी वैभव को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना उनके क्रिकेट करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने वैभव की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि बिहार की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाली है।
BCA ने भारतीय क्रिकेट टीम और पूरे सहयोगी स्टाफ को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वैभव भविष्य में भी देश और बिहार का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *