वैश्विक मंच पर गूंजी बिहार की आवाज
पटना। दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) सम्मेलन में भाग लेने और ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, सिंगापुर तथा मालदीव के अध्ययन दौरे के बाद बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शुक्रवार को पटना लौट आए। पटना एयरपोर्ट पर विधानसभा के अधिकारियों, कर्मचारियों और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने दौरे की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीपीए सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से मानवाधिकारों की रक्षा, शांति, बदलती विश्व व्यवस्था और जलवायु अनुकूलन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार रखे गए। सम्मेलन के दौरान उन्होंने ‘जलवायु अनुकूलन और लचीलापन बढ़ाने में संसदीय नेतृत्व’ विषय पर वक्तव्य दिया और भारत की हरित ऊर्जा पहलों जैसे— इंटरनेशनल सोलर एलायंस, नमामि गंगे, मिष्टी योजना और मिशन LiFE की सफलता को वैश्विक मंच पर साझा किया।
अध्ययन दौरे के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने चारों देशों में भारतीय समुदाय और प्रवासी बिहारियों से संवाद किया। उन्होंने प्रवासियों से ‘विकसित भारत – विकसित बिहार 2047’ के संकल्प में ज्ञान, तकनीक और निवेश के जरिए भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य विभिन्न देशों की उत्कृष्ट संसदीय कार्यप्रणाली का अध्ययन कर बिहार विधानसभा को अधिक प्रभावी, आधुनिक और जनोन्मुख बनाना है।
69वें CPA सम्मेलन और 4 देशों का दौरा पूरा कर स्वदेश लौटे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार
