संघर्ष और सेवा संकल्प के साथ मना जीतन राम मांझी का जन्मोत्सव, महकार से लेकर प्रदेश कार्यालय तक जश्न

पटना। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के संरक्षक, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी का जन्मदिन शनिवार को पूरे बिहार और देश के विभिन्न राज्यों में उत्साह एवं सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मांझी के पैतृक गांव महकार (गया) में उनके पुत्र व मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, पुत्रवधू विधायक दीपा मांझी एवं परिवार के सदस्यों ने केक काटकर जन्मोत्सव मनाया और पूर्वजों के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने कहा कि जीतन राम मांझी का संघर्षशील जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। जन्मदिन पर लगाया गया हर पौधा सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संकल्प है। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडेय, विधायक प्रफुल्ल मांझी, ललन राम, ज्योति मांझी, रोमित कुमार, महादलित आयोग के उपाध्यक्ष देवेंद्र मांझी सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *