प्यार, जुनून और धोखे का खतरनाक खेल, ‘लोहिताक्ष’ के क्लाइमैक्स ने बढ़ाया सस्पेंस

राम गोपाल वर्मा ने की फिल्म की सराहना, अभिनेता सिद्धांत इस्सर और निर्देशक भूपेंद्र से की मुलाकात
मुंबई, 23 अक्टूबर। हिंदी साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘लोहिताक्ष’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म अपने अप्रत्याशित ट्विस्ट, रहस्यमयी कहानी और चौंकाने वाले क्लाइमैक्स को लेकर चर्चा में है। प्यार, जुनून, विश्वासघात और सोशल मीडिया के प्रभाव पर आधारित यह फिल्म आधुनिक रिश्तों के अंधेरे पहलुओं को उजागर करती है।
फिल्म की रिलीज के मौके पर अभिनेता सिद्धांत इस्सर और निर्देशक भूपेंद्र ने मशहूर फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राम गोपाल वर्मा को फिल्म का टीजर और ट्रेलर दिखाया। फिल्म की टीम के अनुसार, राम गोपाल वर्मा ने फिल्म की काफी सराहना की और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उनकी सराहना को अभिनेता और निर्देशक के लिए उत्साहवर्धक माना जा रहा है।
गण विकास फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में सिद्धांत इस्सर, अप्सरा रानी, कमलेश सावंत और सु कुमार टुडू प्रमुख भूमिकाओं में हैं। सिद्धांत इस्सर दिग्गज अभिनेता पुनीत इस्सर के बेटे हैं और इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं। वहीं, अप्सरा रानी अपनी ग्लैमरस छवि से अलग एक जिम्मेदार गृहिणी की भूमिका में नजर आ रही हैं। ‘दृश्यम’ फेम कमलेश सावंत पुलिस अधिकारी एडीसीपी विट्ठल का किरदार निभा रहे हैं।
ओड़िया सिनेमा में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले निर्देशक भूपेंद्र की यह पहली हिंदी निर्देशित फिल्म है। इसकी पूरी शूटिंग ओडिशा में हुई है। फिल्म की दूसरी छमाही के अप्रत्याशित मोड़ और सस्पेंस से भरपूर क्लाइमैक्स इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *