पटना। महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी और लोक कला के रंग शनिवार को पटना में देखने को मिले। फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह राजधानी पहुंचीं। दोनों ने ज्ञान भवन में आयोजित डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल में करीब पांच हजार लोगों की मौजूदगी के बीच फिल्म का गाना ‘मिर्च मसाला’ लॉन्च किया।
शाम को रीजेंट थिएटर में आयोजित मीडिया कार्यक्रम में दोनों अभिनेत्रियों ने फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए। श्रद्धा कपूर ने बिहार के दर्शकों की ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि ‘मिर्च मसाला’ गाना लावणी की ताकत और विठाबाई के तेवर को दर्शाता है। वहीं, अक्षरा सिंह ने पटना में घर जैसा अनुभव होने की बात कही और बिहार के दर्शकों से फिल्म को प्यार देने की अपील की।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले बनी ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पटना में ‘ईठा’ फिल्म के गाने ‘मिर्च मसाला’ की धूम
