सऊदी अरब में इलाज के दौरान अस्पताल के बिल की वजह से फंसे बिहार के प्रवासी श्रमिक मो. नईम नदाफ की आखिरकार सकुशल भारत वापसी हो गई है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की पहल और विदेश मंत्रालय के त्वरित सहयोग से नईम नदाफ को सऊदी अरब से भारत लाया गया।
मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड की कटैया पंचायत के महथौर निवासी मो. नईम नदाफ रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। वहां बर्न इंज्यूरी के इलाज के लिए उन्हें दम्मान सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान अस्पताल का बिल बकाया होने के कारण उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद परिजनों ने बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद से मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने विदेश मंत्रालय और सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप कर नईम नदाफ की भारत वापसी सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
विदेश मंत्रालय के त्वरित सहयोग के बाद नईम नदाफ की वापसी का रास्ता साफ हुआ। भारतीय दूतावास के श्रम संभाग की ओर से जानकारी दी गई कि मामले का समाधान कर लिया गया है और 26 अगस्त 2026 को उन्हें भारत भेज दिया गया।
नईम नदाफ को Exit Visa के तहत स्ट्रेचर एयर टिकट उपलब्ध कराया गया। साथ ही उनके साथ एक सहयोगी के लिए भी एयर टिकट की व्यवस्था की गई।
भारत पहुंचने के बाद नईम नदाफ फिलहाल हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी बर्न इंज्यूरी का इलाज जारी है।
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि “श्रमिक हित सर्वोपरि” को ध्यान में रखकर विभाग लगातार काम कर रहा है और विदेशों में कठिन परिस्थितियों में फंसे बिहार के प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए हरसंभव पहल की जा रही है।
सऊदी अरब में फंसे बिहार के मो. नईम नदाफ की हुई वतन वापसी, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की पहल लाई रंग
