बिहार में मिट्टी की सेहत सुधारने और रासायनिक खादों पर किसानों की निर्भरता कम करने के लिए नीतीश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ‘बिहार राज्य जैविक मिशन’ के तहत बड़े पैमाने पर वर्मी कम्पोस्ट और बायोगैस इकाइयां लगाने का ऐलान किया है।
खेती की लागत कम करने और खेतों की प्राकृतिक उर्वरा शक्ति को बचाए रखने के लिए बिहार सरकार अब जैविक खाद के उत्पादन को मिशन मोड में बढ़ावा दे रही है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य भर में कुल 51 हजार पक्का वर्मी कम्पोस्ट पीट इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत एक किसान को अधिकतम तीन पीट का लाभ मिल सकेगा, जिसमें प्रति पीट 10 हजार रुपये की लागत पर 50 प्रतिशत यानी अधिकतम 5 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
ग्राफिक्स (GFX – पक्का वर्मी कम्पोस्ट इकाई):
कुल लक्ष्य: 51,000 इकाइयां (वित्तीय वर्ष 2026-27)
प्रति पीट लागत: 10,000 रुपये
अनुदान: 50% या अधिकतम 5,000 रुपये
एक लाभुक को अधिकतम 3 पीट का लाभ
पशुपालक किसानों को ध्यान में रखते हुए गोबर और बायोगैस इकाइयों पर भी सरकार भारी सब्सिडी दे रही है। राज्य में 300 बायोगैस इकाइयां लगाने का लक्ष्य है। 42 हजार रुपये की कुल लागत वाली इस इकाई पर किसानों को 50 प्रतिशत यानी 21 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। इसके अलावा टर्न-की राशि के रूप में 1500 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
ग्राफिक्स (GFX – गोबर/बायोगैस इकाई):
कुल लक्ष्य: 300 इकाइयां
इकाई लागत: 42,000 रुपये
अनुदान: 50% या अधिकतम 21,000 रुपये
अतिरिक्त सहायता: 1,500 रुपये (टर्न-की राशि)
छोटे किसानों के साथ-साथ सरकार बड़े पैमाने पर जैविक खाद उत्पादन के लिए 20 व्यावसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाइयां भी स्थापित करवा रही है। एक हजार से लेकर तीन हजार मीट्रिक टन क्षमता वाली इन इकाइयों की स्थापना पर 40 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है, जो 6 लाख 40 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 20 लाख रुपये तक होगा।
ग्राफिक्स (GFX – व्यावसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाई):
कुल लक्ष्य: 20 इकाइयां
क्षमता: 1,000 से 3,000 मीट्रिक टन
अनुदान: 40% (6.40 लाख से 20 लाख रुपये तक)
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि इन सभी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लाभुकों का चयन ऑनलाइन डीबीटी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के आधार पर ही किया जाएगा। सरकार का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टिकाऊ कृषि के विजन के अनुरूप, गोबर और कृषि अपशिष्ट का सही उपयोग कर न सिर्फ पर्यावरण को बचाया जा सकेगा, बल्कि बिहार के किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध भी बनाया जा सकेगा।
निश्चित रूप से सरकार की इस पहल से जहां एक तरफ खेतों से निकलने वाले कचरे और गोबर का सही प्रबंधन होगा, वहीं दूसरी तरफ सस्ती जैविक खाद मिलने से किसानों की आमदनी में भी इजाफा होगा।
