पटना/बिहार विधान सभा के सभी विधायकों के लिए 11 और 12 जुलाई को गया स्थित बिपार्ड परिसर में दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी सदस्यों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
बिहार विधान सभा सचिवालय, प्राईड (लोकसभा) और बिपार्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण और कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय शिष्टाचार और जनहित से जुड़े विषयों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
वीओ-3:
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से नवनिर्वाचित विधायकों को प्रभावी विधायी कार्य, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति अधिक सक्षम बनाना है, ताकि सदन की कार्यवाही और अधिक सार्थक एवं गरिमामय हो सके।
डॉ. प्रेम कुमार ने सभी विधायकों से समय पर कार्यक्रम में शामिल होकर इसका अधिकतम लाभ उठाने और बिहार विधान सभा की गौरवशाली लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करने का आह्वान किया।
