नवादा ने नालंदा को 95 रनों से हराया, BCA श्यामल सिन्हा अंडर-16 वनडे ट्रॉफी में जीत से शुरुआत
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित BCA श्यामल सिन्हा अंडर-16 वनडे ट्रॉफी सत्र 2025-26 का आज से आगाज हुआ। इस टूर्नामेंट के अंतर्गत आज नवादा और नालंदा के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें नवादा ने 95 रनों से जीत दर्ज की।
नवादा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में प्रतिस्पर्धी स्कोर के रूप 48.5 ओवर में 10 विकेट पर 263 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अंकित कुमार ने 68 गेंदों पर 61 रन बनाए, जबकि धरम कुमार ने 73 गेंदों पर 74 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
नालंदा की गेंदबाजी में शिवम कुमार ने 10 ओवर में 2 मेडन के साथ 34 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। आर्यन राज ने 9.5 ओवर में 51 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि शशिकांत ने 10 ओवर में 50 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए। रौनक ने 2 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नालंदा की टीम अपेक्षित रन गति बनाए रखने में सफल नहीं रही। नालंदा ने 47.4 ओवर में 10 विकेट पर 168 रन बनाया। टीम की ओर से प्रतीक कुमार ने 34 गेंदों पर 25 रन और राजगुरु ने 10 गेंदों पर 24 रन तथा शिवम और प्रियांशु ने 20-20 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके और टीम लक्ष्य से पीछे रह गई।
नवादा की गेंदबाजी में अंकित कुमार ने 9.4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट हासिल करते हुए मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। राज पांडेय ने 10 ओवर में 1 मेडन के साथ 27 रन देकर 2 विकेट लिए और टीम की जीत में योगदान दिया।
मुकाबले में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अंकित कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस परिणाम के साथ नवादा टीम ने टूर्नामेंट में प्रभावी शुरुआत करते हुए अंक तालिका में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।
