बिलासपुर/रतनपुर: महामाया की नगरी में शासकीय भूमि घोटाला, 1.40 करोड़ में बेची गई 30 साल से कांग्रेस भवन के लिए प्रस्तावित जमीन
रतनपुर,मां महामाया की पावन नगरी रतनपुर में वर्ष 2023 में हुए एक बड़े भूमि घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि महामाया चौक स्थित शासकीय भूमि, जिस पर पिछले 30 सालों से कांग्रेस भवन प्रस्तावित था, उसे भ्रष्ट नेताओं ने मिलीभगत कर बेच दिया। इस घोटाले में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी दोनों के नेताओं के शामिल होने के आरोप लग रहे हैं।
1.40 करोड़ में हुई बंदरबांट
जानकारी के अनुसार महामाया चौक की इस बहुमूल्य शासकीय भूमि को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया गया। दोनों पार्टी के नेताओं ने आपस में बंदरबांट कर लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपए में जमीन को बेच दिया गया। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े घोटाले के बाद भी अब तक किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
एनसीपी हाईकोर्ट जाएगी
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष निलेश विश्वास ने इस मामले को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिन के अंदर हम इस घोटाले के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका लगाएंगे। जो भी लोग दोषी होंगे उन्हें उनके मुकाम तक पहुंचाया जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा नेता क्यों न हो।
भ्रष्टाचारियों को जेल भेजकर दम लेंगे”
निलेश विश्वास ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेगी। हम भ्रष्टाचारियों को जेल भेजकर ही दम लेंगे। महामाया की नगरी में जनता की जमीन पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। 30 साल से कांग्रेस भवन के लिए आरक्षित जमीन को बेच देना जनता के साथ धोखा है।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासकीय भूमि की खुलेआम बिक्री हो गई और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। अब देखना होगा कि एनसीपी की याचिका के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और दोषी नेताओं पर कब गाज गिरती है।
