जन भागीदारी अभियान-सबसे दूर, सबसे पहले’ के तहत 25 मई तक चलेगा कार्यक्रम, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी*

‘जन भागीदारी अभियान-सबसे दूर, सबसे पहले’ के तहत 25 मई तक चलेगा कार्यक्रम, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

लोहरदगा:विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। “जन भागीदारी अभियान-सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत 18 से 25 मई तक जिले के दूरस्थ गांवों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के निर्देश पर चलाया जा रहा है।उपायुक्त ने बताया कि शिविरों के माध्यम से पीवीटीजी परिवारों को पक्का आवास, हर घर नल-जल, सड़क, बिजली, शिक्षा के लिए हॉस्टल, कौशल विकास, मोबाइल मेडिकल यूनिट, पोषण, आजीविका और मोबाइल नेटवर्क जैसी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य जांच, आधार सत्यापन, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान भारत, आवास, पेयजल व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की सेवाएं भी दी जाएंगी।

20 मई को “विलेज इमर्शन ड्राइव” के तहत प्रशासनिक पदाधिकारी और आदि कर्मयोगी पीएम जनमन व धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के चयनित गांवों में जाकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे और समस्याओं का आकलन करेंगे।21 से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों में विशेष जनसुनवाई होगी, जिसमें लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। 24 मई को अभियान की उपलब्धियों का संकलन कर उपायुक्त समीक्षा करेंगे।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त के प्रभार में सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *