घाघरा में नशे की हालत में नहाने कूदा युवक, तालाब में डूबने से मौत, 20 घंटे बाद जाल से निकाला गया शव, पिता के सामने बेटे ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम

20 घंटे बाद जाल से निकाला गया शव, पिता के सामने बेटे ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम

पब्लिक आई न्यूज़ घाघरा (गुमला): घाघरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से युवक की मौत हो गई। करीब 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार को ईश्वर उरांव का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 1 बजे ईश्वर उरांव नशे की हालत में गांव के ही तालाब में नहाने के लिए कूद गया। गहरे पानी में जाने के कारण वह डूब गया और बाहर नहीं निकल सका। उस समय मृतक के पिता तालाब के पास ही मवेशी चरा रहे थे। उन्होंने अपने बेटे को डूबते हुए देखा, लेकिन चाहकर भी उसे बचा नहीं सके। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। तालाब में अधिक पानी होने के कारण शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। बाद में जेसीबी मशीन से तालाब का पानी निकाला गया, फिर भी करीब सात फीट पानी शेष रहने के कारण शव बरामद नहीं हो पाया।मंगलवार सुबह ग्रामीण फिर जुटे। कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष नसीम अंसारी के प्रयास से तालाब में जाल लगाकर खोजबीन की गई, जिसके बाद ईश्वर उरांव का शव बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *