मजदूर मजबूत तो देश मजबूत – कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने ESIC के 75वें स्थापना दिवस पर कहा
========================
पटना 10मार्च 26
कर्मचारी राज्य बीमा निगम की ओर से 75वां स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में माननीय मंत्री श्री संजय सिंह ‘टाइगर’, माननीय विधायक श्री भाई वीरेंद्र, वरिष्ठ अधिकारीगण, चिकित्सक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि यह 75 वर्षों की यात्रा केवल एक संस्था की उपलब्धि नहीं बल्कि यह देश के मेहनतकश मजदूरों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान की ऐतिहासिक यात्रा है। भारत में सदियों से यह कहा जाता रहा है कि “मजदूर मजबूत तो देश मजबूत।” कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने पिछले 75 वर्षों में करोड़ों श्रमिक परिवारों को इलाज, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान कर इस विश्वास को और मजबूत किया है। आज देश का मजदूर वर्ग यह महसूस करता है कि संकट की घड़ी में सरकार उसके साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में श्रमिकों, किसानों और गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान भारत, श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ तथा अस्पतालों के आधुनिकीकरण जैसे कार्यों से आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। आज राज्य में अस्पतालों की व्यवस्था, डॉक्टरों की उपलब्धता और चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है।
श्री यादव ने कहा कि बिहटा स्थित ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। इससे न केवल मजदूरों और कर्मचारियों को बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह संस्थान पूर्वी भारत के उत्कृष्ट चिकित्सा केंद्रों में अपनी पहचान बनाएगा और लाखों लोगों की सेवा करेगा।
उन्होंने इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा के समापन समारोह में उपस्थित सभी डॉक्टरों, नर्सों, कर्मचारियों और अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज की सेवा में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है।
