पटना, 24 मई (विशेष संवाददाता)। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते तापमान से निपटने के लिए एनडीए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सीएम सम्राट चौधरी नीतीश कुमार की पर्यावरण संरक्षण नीतियों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रहे हैं।
रविवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की मौजूदगी में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विजय चौधरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चिंता का विषय है। विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम ने बताया कि 2019 में तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में जलवायु परिवर्तन पर गंभीर चर्चा हुई थी। उनकी दूरदर्शी सोच से शुरू हुए ‘जल-जीवन-हरियाली अभियान’ से बिहार में भू-गर्भ जलस्तर में सकारात्मक सुधार हुआ है।
विजय चौधरी ने कहा कि सीएम सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार की नीतियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में सरकार ‘बिहार हरित जलवायु कोष’ का गठन करेगी। यह कोष हरित आवरण बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव रोकने में अहम भूमिका निभाएगा।
कोष के लिए निविदाओं पर 0.25%, नए वाहनों के निबंधन पर 1% शुल्क और खनन पर 0.50% रॉयल्टी सेस लिया जाएगा। कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत भी स्वैच्छिक अंशदान होगा।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सचेत नहीं हुए तो तापमान वृद्धि और गंभीर हो सकती है। पीएम की अपील का जिक्र करते हुए उन्होंने सार्वजनिक परिवहन और साझा वाहनों के इस्तेमाल पर जोर दिया ताकि कार्बन उत्सर्जन कम हो। ऊर्जा संरक्षण के साथ जीवनशैली में भी बदलाव जरूरी है।
