“पढ़ेंगी बेटियां, बढ़ेंगी बेटियां, अब न डरेंगी बेटियां”:

भोजपुरी अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने छात्राओं को विन चुंग आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने का रखा प्रस्ताव

पटना, 8जुलाई।

बिहार की बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा के क्षेत्र में भी सशक्त बनाने की दिशा में एक नई पहल की संभावना बनी है। कर्नाटक की मूल निवासी, भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री एवं पूर्व शिक्षिका पाखी हेगड़े ने बुधवार को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात कर राज्य की छात्राओं को विन चुंग (Wing Chun) मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण देने की इच्छा जताई।

मुलाकात के दौरान पाखी हेगड़े ने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से भी मजबूत बनाएगा। उन्होंने बिहार की छात्राओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने का प्रस्ताव शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस पहल का स्वागत करते हुए पाखी हेगड़े से विस्तृत कार्ययोजना एवं औपचारिक प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार बेटियों की शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

श्री तिवारी ने कहा, “पढ़ेंगी बेटियां, बढ़ेंगी बेटियां, अब न डरेंगी बेटियां।” उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण उन्हें और अधिक आत्मविश्वासी, सक्षम एवं सशक्त बनाएगा।

बैठक के दौरान बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। यदि यह प्रस्ताव अमल में आता है तो बिहार की छात्राओं को आत्मरक्षा का व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *