निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग का त्वरित फैसला, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल बोले- भ्रष्टाचार में लिप्त किसी को बख्शा नहीं जाएगा
पटना, 16 जुलाई। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी अंचल के अंचल अधिकारी प्रभात कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार द्वारा रिश्वत मांगने के आरोप में 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तारी के बाद की गई।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। विभाग में किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी, अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से कार्रवाई की सूचना मिलते ही विभाग ने नियमानुसार संबंधित अधिकारी को तत्काल निलंबित कर दिया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि आम जनता से जुड़े राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करता है या भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करना है, जहां नागरिकों को बिना किसी अवैध मांग के समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं मिलें। विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं तथा भ्रष्टाचार से जुड़ी हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
