पटना में शहीद किशोर कुणाल की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि

पटना। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय, पटना की ओर से रविवार को पटना के कंकड़बाग स्थित शहीद किशोर कुणाल पार्क में शहीद सहायक कमांडेंट किशोर कुणाल की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एसएसबी के अधिकारियों, जवानों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर श्री निशीत कुमार उज्ज्वल, भा.पु.से. (महानिरीक्षक), सीमांत मुख्यालय पटना ने शहिद किशोर कुणाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शहिद किशोर कुणाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि
शहीद किशोर कुणाल का जीवन राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता का अनुपम उदाहरण है। उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
वही उनके परिवार के सदस्यों ने नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरांत कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा।
सशस्त्र सीमा बाल महानिरीक्षक श्री निशित कुमार उज्जवल एवं शाहिद किशोर कुणाल के माता एवं पिता ने इस अवसर पर उन्हें याद करते हुए पौधा रोपण भी किया।

गौरतलब है कि 26 जुलाई 2010 को शहीद किशोर कुणाल, सहायक कमांडेंट के रूप में असम के चिरांग जिले में भारत-भूटान सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल की बटालियन में तैनात थे। उस दिन वे अपने साथी एसएसबी जवानों के साथ पानबाड़ी बाजार की ओर वाहन गश्त पर निकले थे। कुहीघाट के वन बीट हाउस से लौटने के दौरान उनके वाहन पर एनडीएफबी (NDFB) के उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस कायराना हमले का उन्होंने बहादुरी से मुकाबला किया और देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
श्रद्धांजलि समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद की पावन स्मृति को नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *