बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने डीजीपी को लिखा पत्र, गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और हमलावरों पर कार्रवाई की उठाई मांग

*पटना 27 जुलाई 2026
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने आज बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर छात्र आंदोलन के दौरान हो रहे पुलिसिया दमन तथा सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर हुए हमले के बावजूद अब तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं किए जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

राजेश राम ने अपने पत्र में कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को पुलिस द्वारा जबरन मुकदमों में फँसाकर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी गिरफ्तार छात्रों को अविलंब एवं बिना शर्त रिहा किया जाए। साथ ही आंदोलन में अपनी आवाज उठाने वाले विभिन्न राजनीतिक दलों के गिरफ्तार छात्र नेताओं की भी तत्काल रिहाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र, युवा, कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के घरों पर प्रतिदिन पुलिस द्वारा छापेमारी कर भय का माहौल बनाया जा रहा है। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए उन्होंने इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरनारत छात्रों और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा तथा जितेंद्र सिंह के बीच हुई वार्ता में यह सहमति बनी थी कि आगे किसी छात्र की गिरफ्तारी नहीं होगी, गिरफ्तार छात्रों को बिना शर्त रिहा किया जाएगा तथा आंदोलन में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं के बावजूद बिहार में छात्रों की गिरफ्तारी जारी रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।

राजेश राम ने पत्र में यह भी कहा कि 22 जुलाई 2026 को भारतीय जनता पार्टी के 500 से अधिक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम पर हमला किया था, जिसमें कई कांग्रेस नेताओं को गंभीर चोटें आईं, कई वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र थाना में आवेदन देने के पाँच दिन बाद भी FIR दर्ज नहीं होना कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *