सहबाजपुर में अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त! माले ने की दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
पटना के बिहटा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित सहबाजपुर गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि 10 अगस्त की रात अज्ञात लोगों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का सिर और हाथ में रखी पुस्तक को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
घटना की भाकपा माले ने कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। माले का आरोप है कि इस तरह की घटना संविधान और डॉ. अंबेडकर के विचारों का अपमान है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने करीब चार से पांच वर्ष पहले सहबाजपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की थी। पिछले वर्ष ग्रामीणों ने प्रतिमा की रंगाई-पुताई कराने के साथ चबूतरे का निर्माण कराया था, जबकि नगर परिषद की ओर से प्रतिमा के लिए छावनी भी बनाई गई थी।
घटना के बाद भाकपा माले के नेतृत्व में एक जांच दल ने घटनास्थल का दौरा किया। दल का नेतृत्व भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य और पटना जिला ग्रामीण सचिव कॉमरेड अमर ने किया। इस दौरान पूर्व सांसद कॉमरेड रामेश्वर प्रसाद समेत पार्टी के कई नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं, मामले को लेकर बिहटा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी भाकपा माले के बिहटा प्रखंड सचिव कॉमरेड सुरेंद्र प्रसाद यादव की ओर से दर्ज कराई गई है।
अब पुलिस के सामने चुनौती है कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। फिलहाल घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
बिहटा के सहबाजपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश; माले ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की
