पटना में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं से अधिक से अधिक पंजीकरण की अपील

oplus_2

पटना, 10 सितंबर 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नीति-निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी को लेकर पटना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रमुख प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनकी जयंती 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव का बदला स्वरूप
वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन के अनुरूप राष्ट्रीय युवा महोत्सव को नए स्वरूप में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के रूप में आयोजित किया गया था। पिछले संस्करण में देशभर से 50 लाख से अधिक युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया था।
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं का चयन मेरिट आधारित बहु-चरणीय प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संवाद में भाग लेने का अवसर मिला।
छह प्रमुख ट्रैक पर होगा VBYLD-2027
VBYLD-2027 को युवाओं की प्रतिभा, विचार और नेतृत्व क्षमता को सामने लाने के लिए छह प्रमुख ट्रैक पर आधारित किया गया है। इन गतिविधियों का आयोजन राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक होगा। चयनित प्रतिभागियों को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय संवाद में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर समापन 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम के साथ होगा।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक प्रमुख आकर्षण
‘विकसित भारत चैलेंज ट्रैक’ के माध्यम से युवा विकसित भारत @2047 के विजन को लेकर अपने नए और अभिनव विचार प्रस्तुत कर सकेंगे। इसमें युवाओं का चयन क्विज, निबंध और प्रेजेंटेशन जैसे तीन चरणों के माध्यम से किया जाएगा।
इस बार चैलेंज ट्रैक को 10 क्षेत्रीय क्लस्टरों में पुनर्गठित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को अवसर मिले और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।
बिहार में 9.90 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य
बिहार में VBYLD-2027 के तहत करीब 9 लाख 90 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि, अब तक लगभग 35 हजार युवाओं का ही पंजीकरण हुआ है। अधिकारियों ने 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर अभियान से जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर PIB की सीमा कुमारी, MY Bharat बिहार के स्टेट डायरेक्टर कपिल देव राम, अकाउंट ऑफिसर एस.पी. करण सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूत आधार मिल सकता है। VBYLD-2027 युवाओं के लिए अपनी सोच, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *