बिस्कोमान कॉलोनी के B-2 ब्लॉक में पोस्ट ऑफिस फ्रेंचाइजी का शुभारंभ, स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी सुविधा

पटना, 9जुलाई।

राजधानी पटना के बिस्कोमान कॉलोनी अंतर्गत B-2 ब्लॉक में पोस्ट ऑफिस फ्रेंचाइजी शाखा का विधिवत उद्घाटन पटना साहिब डाक मंडल के सुपरिटेंडेंट अनिल कुमार ने किया। उद्घाटन समारोह में बिस्कोमान कॉलोनी पोस्ट ऑफिस फ्रेंचाइजी के संचालक राजकांत कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पटना साहिब डाक मंडल के सुपरिटेंडेंट अनिल कुमार ने कहा कि इस क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस फ्रेंचाइजी शुरू होने से आसपास के लोगों को डाक सेवाओं का लाभ अब उनके घर के नजदीक ही मिलेगा। उन्होंने बताया कि यहां स्पीड पोस्ट, दस्तावेज़ स्पीड पोस्ट, स्पीड पोस्ट पार्सल, इंडिया पोस्ट पार्सल सहित डाक विभाग की विभिन्न सेवाएं आम नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेंगी। इससे लोगों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा डाक सेवाएं अधिक सुलभ बनेंगी।

फ्रेंचाइजी संचालक राजकांत कुमार ने कहा कि बिस्कोमान कॉलोनी और आसपास के बड़े इलाके में पोस्ट ऑफिस की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को पार्सल भेजने, दस्तावेज़ स्पीड पोस्ट कराने तथा अन्य डाक संबंधी कार्यों के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। अब इस नई फ्रेंचाइजी के शुरू होने से स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही सभी आवश्यक डाक सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें काफी राहत मिलेगी।

उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नई पोस्ट ऑफिस फ्रेंचाइजी क्षेत्र के निवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी और डाक सेवाओं की पहुंच को और मजबूत करेगी।साथ साथ उपस्थित लोगों ने आग्रह किया कि पार्सल के अलावे अन्य सुविधाएं भी अगर यहां उपलब्ध करा दी जाए तो आसपास के लोगों के लिए बहुत बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *