बिहार में खनन एवं राजस्व संग्रह के क्षेत्र में सरकार ने बड़ी उपलब्धि दर्ज करने का दावा

बिहार में खनन एवं राजस्व संग्रह के क्षेत्र में सरकार ने बड़ी उपलब्धि दर्ज करने का दावा किया है। खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि विभाग ने पहली तिमाही में रिकॉर्ड राजस्व संग्रह किया है और अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई भी तेज की गई है।

खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक विभाग ने 505 करोड़ 26 लाख रुपये का राजस्व संग्रह किया है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 95 करोड़ 64 लाख रुपये यानी लगभग 23 प्रतिशत अधिक है। मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि पारदर्शी व्यवस्था और प्रभावी निगरानी का परिणाम है।

अवैध खनन के खिलाफ विभाग की कार्रवाई भी लगातार जारी है। जून 2026 तक 12,877 छापेमारी, 674 प्राथमिकी, 248 गिरफ्तारियां, 1,945 वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं दंड मद में 23 करोड़ 20 लाख रुपये की वसूली की गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 18 प्रतिशत अधिक है। सरकार ने अवैध खनन के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति जारी रखने की बात कही है।

मंत्री ने बताया कि बिहार में दुर्लभ और वृहद खनिजों के वैज्ञानिक दोहन पर भी तेजी से काम हो रहा है। रोहतास और गया के कई खनिज ब्लॉकों की सफल नीलामी हो चुकी है, जबकि जमुई, बांका और नवादा सहित कई जिलों में नए खनन पट्टों की निविदा जल्द जारी की जाएगी।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि खनिज संसाधनों का वैज्ञानिक उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *