रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बैंक चोरी के 5 बदमाश 3 दिन में गिरफ्तार, TI नीलेश पांडे की नशे से दूर रहने की अपील

रतनपुर, बिलासपुर:रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत _बेलतरा ग्रामीण बैंक_ में 6 जुलाई की रात हुई सेंधमारी और चोरी की घटना का रतनपुर पुलिस ने मात्र 3 दिन के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने बैंक की पीछे की दीवार तोड़कर चोरी करने वाले पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

*क्या है पूरा मामला*

थाना प्रभारी _श्री नीलेश पांडे_ ने बताया कि 6 जुलाई की रात अज्ञात बदमाशों ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक की पीछे की दीवार में सेंधमारी करके बैंक के अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना की शिकायत बैंक शाखा प्रभारी द्वारा रतनपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल _वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर_ को दी गई। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए।

*3 दिन में पुलिस ने दबोचे सभी 5 आरोपी*

रतनपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से लगातार दबिश देकर तीन दिन के अंदर ही इस चोरी में शामिल सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी नीलेश पांडे ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने बहुत कम समय में इस सनसनीखेज वारदात को सुलझाकर बैंक और क्षेत्रवासियों को राहत दी है।

*नशे से दूर रहने की अपील*

इस दौरान श्री पांडे ने रतनपुर नगर और थाना क्षेत्र के आसपास के नागरिकों से अपील की कि _नशे से दूर रहें और नशे का कारोबार करने वालों से भी दूरी बनाकर रखें_। उन्होंने कहा कि अधिकांश आपराधिक घटनाएं नशे के कारण ही होती हैं। यदि किसी को नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, पहचान गुप्त रखी जाएगी।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की प्रशंसा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *