“बिहार में रोजगार की बड़ी खबर!
पटना। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा आयोजित ‘मेगा जॉब फेयर-2026’ युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मंच बनकर सामने आया है। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित मेगा जॉब फेयर के चौथे दिन 9500 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया, जिसमें विभिन्न कंपनियों द्वारा 3727 युवाओं का चयन किया गया।
मेले में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस यानी BFSI, रिटेल और अन्य संबद्ध क्षेत्रों की कंपनियों ने हिस्सा लिया। युवाओं ने विभिन्न पदों के लिए आवेदन, इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया में भाग लिया। रोजगार के इन अवसरों ने प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में अपने करियर को नई दिशा देने का मौका दिया।
मेगा जॉब फेयर का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं के कौशल, योग्यता और उद्योग की जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना भी रहा। विभाग और बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से कंपनियों और अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाने तथा चयन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए।
आयोजन के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में देश के अलग-अलग हिस्सों से आई कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने अपनी योग्यता और कौशल दिखाने का अवसर मिला। विभाग का जोर बदलते रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने पर है।
मेगा जॉब फेयर के बाद नियुक्ति पत्र वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
3727 युवाओं के चयन से मेगा जॉब फेयर ने रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए उम्मीद और आत्मनिर्भरता की नई राह खोली है।
“बिहार में रोजगार की बड़ी खबर! मेगा जॉब फेयर में 3727 युवाओं का चयन, जल्द मिलेगा नियुक्ति पत्र
