रतनपुर। रतनपुर के महामाया वार्ड क्रमांक-3 निवासी श्री हरिशंकर पांडेय के परिवार के होनहार छात्र वेदांश भारती ने अंतरराष्ट्रीय साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) द्वारा आयोजित जनरल नॉलेज (GK) प्रतियोगिता में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर रतनपुर, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया है।
वेदांश भारती, इंजीनियर वेदप्रकाश भारती एवं डॉ. प्रतिमा लोखंडे के सुपुत्र हैं। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें स्वर्ण पदक, प्रशस्ति-पत्र तथा ₹2,500 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
वर्तमान में वेदांश रतनपुर स्थित IPS विद्यालय के छात्र हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे नगर में खुशी का माहौल है।
वेदांश की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, परिजनों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
