भौरासा और फंदा टोल प्लाजा पर लगे स्मार्ट VMS बोर्ड, अब हाईवे पर मिलेगा सड़क सुरक्षा का संदेश

देवास-भोपाल कॉरिडोर की पहल, हेलमेट-सीट बेल्ट और यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों को किया जाएगा जागरूक

भोपाल, 3 जुलाई।

देवास-भोपाल हाईवे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को अब सड़क सुरक्षा का संदेश आधुनिक तकनीक के माध्यम से मिलेगा। देवास-भोपाल कॉरिडोर प्राइवेट लिमिटेड (DBCPL) ने भौरासा और फंदा टोल प्लाजा पर अत्याधुनिक वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMS) बोर्ड स्थापित किए हैं। इन इलेक्ट्रॉनिक बोर्डों के माध्यम से चौबीसों घंटे हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन के संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

परियोजना संचालक अजय मिश्रा के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों में सुरक्षित ड्राइविंग की आदत विकसित करना है। DBCPL का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

इस अभियान के तहत DBCPL ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया। इस दौरान वाहन चालकों को पंपलेट वितरित किए गए तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के अनुसार मध्यप्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों में लगभग आधे दोपहिया वाहन चालक होते हैं। वहीं एम्बुलेंस सेवा के आंकड़ों के अनुसार सड़क हादसों में घायल होने वाले 61 प्रतिशत लोग 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के हैं। ऐसे में हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन अनेक लोगों की जान बचा सकता है।

DBCPL प्रबंधन ने कहा कि इन स्मार्ट बोर्डों का उद्देश्य केवल संदेश देना नहीं, बल्कि लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है, ताकि सुरक्षित ड्राइविंग सभी की आदत बन सके।

इस अवसर पर वाहन ऑडिट प्रभारी राजेन्द्र मेवाड़ा, आईटी प्रभारी दीपक मेनारिया, इलेक्ट्रिकल प्रभारी लखन कुमार महतो, योगेन्द्र मेवाड़ा, रूप सिंह, वर्टिस फाउंडेशन की CSR टीम के सदस्य तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *