शहीद निर्मल महतो के 39वें शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

जमशेदपुर के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल पर 39वें शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर शहीद निर्मल महतो का संघर्ष, त्याग और विचार सदैव समाज और राज्य के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी, मूलवासी, किसान, गरीब और आम लोगों के हक-अधिकारों की रक्षा करना सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने झारखंड को वीरों की धरती बताते हुए कहा कि राज्य के निर्माण में अनगिनत आंदोलनकारियों और वीर शहीदों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता की एकजुटता और परस्पर सहयोग राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। सभी को मिलकर बिना डरे और बिना रुके एक मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध झारखंड के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम में विधायक सबिता महतो, समीर मोहंती, संजीव सरदार, सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *